शुक्रवार, 24 नवंबर 2023

ताजा खबरें

 डीजे वाले का है मैहर मिला नर कंकालः

चप्पल और अंडर वियर से हुई मृतक की पहचान, दो दिन पहले लावारिस मिली थी बाइक
मैहर की कुंजन तलैया के पास मिले पुराने नर कंकाल की पहचान कर ली गई है। मृतक की बाइक भी दो दिन पहले लावारिस हालत में मिली थी। अब एक-एक तार जोड़ कर पुलिस के सामने इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने की बड़ी चुनौती है।
जानकारी के मुताबिक मैहर में कुंजन तलैया के पास शुक्रवार को मिले पुराने नर कंकाल की पहचान अंडरवियर और चप्पल के जरिए कर ली गई है। कंकाल अक्टूबर के महीने
में लापता हुए डीजे का काम करने वाले नरेश साकेत पिता झल्ला साकेत (40) निवासी मानपुर पुरानी बस्ती मैहर का है। दो दिन पहले ही उसकी बाइक भी नहर के किनारे लावारिस हालत में पड़ी मिली थी। कंकाल को फोरेंसिक जांच के बाद पीएम के लिए रीवा भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि नरेश की मौत कब और कैसे हुई थी।

पुलिस ने बताया कि नरेश डीजे का काम करता था। वह अक्टूबर में लापता हो गया था। गत 12 अक्टूबर को उसकी पत्नी उर्मिला साकेत ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही थी लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इस बीच 23 अक्टूबर को नहर के किनारे पड़ी एक बाइक को देख कर एक चरवाहे ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जब पुलिस वहां पहुंची तो पता चला कि वह बाइक नरेश की है जिसके बाद उसकी तलाश एक बार तेज की गई। शुक्रवार को कुंजन तलैया के पास पड़े एक बोरे को खोलकर देखा गया तो उसमे पुराना कंकाल निकला। परिजनों ने कपड़ों और चप्पल के आधार पर उसकी शिनाख्त की। अब पुलिस के सामने इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने की बड़ी चुनौती है। सवाल यह है कि अक्टूबर में लापता हुआ नरेश डेढ़ महीने से अधिक समय तक आखिर कहां था? उसकी बाइक और कंकाल क्या वाकई डेढ़ महीने से कुंजन तलैया के पास ही पड़ा था? अगर पड़ा था तो पुलिस को अब तक जानकारी कैसे नहीं थी?


सतना नदी के आगे तिघरा मोड़ में बड़ा सड़क हादसा। एक महिला की मौत की खबर







सागर में धमकाकर छात्रा के साथ किया दुष्कर्मः रिश्तेदार के घर शादी समारोह में हुई पहचान, दोस्त के रूम पर ले जाकर किया था गलत काम


सागर के गोपालगंज थाना में 17 वर्षीय छात्रा ने दुष्कर्म की शिकायत की है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने डरा-धमकाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। मामले की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। वहीं कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय पीड़िता ने परिवार वालों के साथ गोपालगंज थाने आकर शिकायत में बताया कि कालेज में प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। इसी साल मई माह में वह जैसीनगर क्षेत्र में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए गई थी। जहां उसकी मुलाकात बसोना निवासी श्रीराम पटेल से हुई। दोनों के बीच बातचीत हुई और एक-दूसरे का मोबाइल नंबर ले लिया। पीड़िता जैसीनगर से लौटकर वापस सागर आ गई। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। 18 जून को आरोपी श्रीराम सागर आया। वह पीड़िता को बाइक पर बैठाकर मकरोनिया क्षेत्र में रहने वाले अपने दोस्त के रूम पर ले गया।

पिता को जान से मारने की देता था धमकी

जहां आरोपी ने डरा धमकाकर नाबालिग के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी अलग-अलग जगहों पर नाबालिग को साथ लेकर गया और गलत काम किया। 16 नवंबर को भी आरोपी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी घटनाक्रम के संबंध में किसी को बताने पर पीड़िता के पिता को जान से मारने की धमकी देता था। आरोपी की हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने मां को अपनी आपबीती बताई। जिसके बाद परिवार वाले पीड़िता के साथ थाने पहुंचे और शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी श्रीराम के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। वहीं कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अमानगंज में बेकाबू होकर पलटा ट्रकः हादसे में गंभीर घायल ट्रक चालक की उपचार के दौरान मौत

पन्ना जिला के अमानगंज में एक ट्रक पलटने से चालक घायल हो गया, उसे कटनी जिला अस्पताल में बेहोशी की हालत में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान डॉक्टर ने ट्रक चालक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि मैहर जिले के इटमा गांव निवासी फग्गू पिता लक्ष्मण कुशवाहा (42) से शुक्रवार रात ट्रक चलाने के दौरान अमानगंज में ट्रक पलट गया। जिसके कारण ट्रक चालक फग्गू कुशवाहा गंभीर घायल हो गया। चालक के साथियों ने उसे कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है। 


इंदौर के स्कूल में पीटे गए छात्र ने खाना छोड़ा: मारते-धकाते हुए VIDEO आया सामने; अब पिता ने कही यह बात

इंदौर में तीन दिन पहले सेंटपॉल स्कूल कैम्पस में सीनियर छात्र द्वारा पीटा गया नौवीं का स्टूडेंट घबराया हुआ है, सदमे में है। उसने दो दिन से खाना नहीं खाया है। सिर्फ लिक्विड ले रहा है। बाईं आंख के रैटिना के अलावा जबड़े में भी सूजन है। डॉक्टर कहते हैं कि अगर चोट थोड़ी और गहरी होती तो पीड़ित एक आंख की रोशनी हमेशा के लिए खो सकता था। पिता ने कहा कि वह बच्चे को स्कूल से निकाल लेंगे। अब घटना का एक VIDEO भी सामने आया है, जिसमें पीड़ित स्कूल कैंपस में खड़ा है और उसे चांटे मारे जा रहे हैं। जानिए घटना को लेकर पीड़ित छात्र और उसके पिता का क्या कहना है...

घटना की कहानी... पीड़ित छात्र की जुबानी

"स्कूल (घटना वाले दिन गुरुवार दोपहर) की छुट्टी हो गई थी। घर जाने के लिए स्कूल से बाहर निकल रहा था, तभी लड़कों ने आकर मारपीट शुरू कर दी। कॉलर पकड़ कर पहले मुझे चांटे मारे। मैं उन्हें नहीं जानता था। फिर वो लड़के मुझे घसीटते हुए अंदर ले गए। वहां स्कूल कैंपस में कुछ पेरेंट्स फीस भरने के लिए आए थे, उन्होंने मुझे बचाया।

यह पता चला कि मारने वाला लड़का 11वीं में इसी स्कूल में पढ़ता है। मैं उससे पहले कभी नहीं मिला। कुल 6 लोग थे, 3 सिविल ड्रेस में थे वो बाहरी लड़के थे। स्कूल में नहीं पढ़ते हैं। लड़कों के पास कुछ हथियार था या नहीं, यह समझ में नहीं आया। मुझे आंख में किसी चीज की उन्होंने जोर से मारी थी। ये लड़के किसी ओर को मारने आए थे, लेकिन गलतफहमी में उन्होंने मुझे मारा गया है। जिस लड़के को वो लोग मारने आए थे, वो मेरे पीछे खड़ा था और चला गया था। वो भी मेरा क्लासमेट ही है। आंख और सिर में चोट लगी है। लेफ्ट आंख में दर्द हो रहा है। खाना नहीं खा पा रहा हूं। चेहरे पर भी सूजन है। सिर्फ लिक्विड चीजें ले रहा हूं।

छात्र ने यह भी दावा किया है कि स्कूल में मारपीट करने वाले लड़के से मेरा कभी कोई विवाद नहीं हुआ। मेरे साथ मारपीट करने के बाद सभी लड़के भाग गए। स्कूल वाले सर उन्हें पकड़ सकते थे लेकिन उन्होंने उन्हें नहीं पकड़ा। फिर मैंने घर पर फोन लगवाया।" आरोपी छात्र के पिता ने फोन कर कहा- सब खत्म करो, बच्चे से गलती हो गई

पीड़ित छात्र के पिता का कहना है कि "मेरे पास फोन आया कि बच्चे के साथ स्कूल में मारपीट हुई है। उसे बहुत मारा है। सिर और आंख में चोट लगी है। स्कूल पहुंच मैंने पूछा कि किसने मारा। वहां स्कूल के हार्डिया सर थे। मैंने कहा कि फादर को बुलवाइए तो आधे घंटे तक तो फादर बाहर ही नहीं आए। फिर एक बच्चे के पेरेंट्स भी स्कूल आए हुए थे, उन्होंने बताया कि उनके बच्चे का गला सुबह मारपीट करने वाले छात्र ने दबाया था। इसकी शिकायत उन्होंने स्कूल को की, जिसके बाद आरोपी छात्र को स्कूल से सस्पेंड किया गया था। आरोपी छात्र उनके बच्चों को मारने के लिए आया था, लेकिन गलतफहमी में उसने मेरे बेटे के साथ मारपीट ।

घटना के बाद शाम को आरोपी लड़के के पिता ने फोन करके बोला कि हमारे बच्चे से गलती हो गई है। खत्म करो सब। उन्होंने कुछ लोगों से फोन भी करवाए। मेरे बच्चे की गलती ही नहीं है तो क्यों खत्म करें। उसकी लड़ाई होती तो समझ में भी आता। स्कूल में स्टूडेंट्स आपस में लड़े तो भी समझ में आता है। लेकिन बाहर के लड़के आ रहे हैं। असामाजिक तत्व कैंपस में घूम रहे हैं। मेरे बेटे के साथ वीडियो में साफ मारपीट करते हुए लड़के दिख रहे हैं। आरोपी लड़के के पिता के भी हाथ में गन लिए फोटो सामने आए हैं। स्टेटस भी ऐसे ही लगा रखे हैं। पुलिस ने हमें थाने बुलाया था तो वहां देखा की आरोपी लड़के को बिल्कुल भी डर नहीं है। पिता और लड़के को ऐसा बैठा रखा है, जैसे दादा-बहादुर हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी मंगलेश व्यास से मेरी बात हुई तो वो कह रहे हैं कि स्कूल कैंपस में ये सब होते रहता है। स्कूल प्रबंधन का रूख अभी भी गैर जिम्मेदाराना है। बच्चों को सेंट पॉल स्कूल से निकाल लेंगे। दोनों (पीड़ित छात्र और उसका भाई) बच्चे नौवीं कक्षा में पढ़ते हैं। सेक्शन अलग-अलग है। ये सेशन सेंट पॉल स्कूल में दोनों बच्चों का आखिरी है।"

डॉक्टर बोले हमेशा के लिए चली जाती बच्चे की आंख

भाजपा पार्षद और पीड़ित छात्र की बुआ पंखुडी डोसी का कहना है कि डॉक्टर ने बच्चे की लेफ्ट आंख के रैटिना में जख्म होने की बात कही है। रैटिना में राई बराबर चोट और लगती तो बच्चे की आंख हमेशा के लिए जा सकती थी। बच्चा बिल्कुल भी खाना नहीं खा पा रहा है। उसके जबड़े में सूजन है। उसके सिर में भी बहुत दर्द है। रैटिना की स्वेलिंग जब तक नहीं उतरेगी तब तक एक्स-रे नहीं हो पाएगा। अभी बच्चे का विजन ब्लर हो रहा है, उसे देखने में परेशानी आ रही है।

यहां था मामला


इंदौर के सेंटपॉल हायर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को 9वीं के स्टूडेंट के साथ 11वीं के स्टूडेंट ने मारपीट कर दी थी। मारपीट में आरोपी छात्र के कुछ बाहरी साथी भी शामिल थे। छात्र की एक आंख पर गहरी चोट लगी है। चौंकाने वाली बात यह कि जिस छात्र के साथ मारपीट हुई है उसका किसी के साथ वाद-विवाद नहीं था। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आज पूरे दिन की खबरें Amarpatan Satna Maihar Rewa

 बड़ी खबर☝ सतना की मुकुंदपुर सफारी में भेजे गये दुर्लभ प्रजाति के बार्न आउल के पांच बच्चे  दक्षिण वन मंडल के डीएफओ विजयानन्तम टी.आर ने बताया ...